शुक्रवार को व्यापार मंडल सभागार में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और मुख्य वक्ता शैलेंद्र सिंह बिष्ट, भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील गोयल ने किया। इस मौके पर शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि इस अधिनियम का उद्देश्य पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के शिकार अल्पसंख्यक हिंदुओं, बौद्ध, सिक्ख, ईसाई आदि धार्मिक समूहों को नागरिकता देना है। न कि भारत के किसी अल्पसंख्यक की नागरिकता छीनना। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अल्पसंख्यकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में रिकॉर्ड तेजी अपनाई है। मोदी के कार्यों से बौखलाए कांग्रेस, वामपंथी और कथित सेक्युलर दल अल्पसंख्यकों को सीएए को लेकर भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने अल्पसंख्यकों से विपक्ष के बहकावे में न आने की अपील की। भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला ने कहा कि इस कार्यशाला उद्देश्य कार्यकर्ताओं को अधिनियम से अवगत कराकर सही और तथ्यात्मक जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष संपत सिंह रावत ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कार्यशाला के बाद पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सीएए को लेकर बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएंगे। जनजागरण अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, नुक्कड़ सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। नगर मंडल अध्यक्ष सुनील गोयल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में राजगौरव नौटियाल, जिला मंत्री मोहन सिंह नेगी, गजेंद्र धस्माना, सुरेंद्र बिजल्वाण, पूनम थपलियाल, रानी नेगी, आशा कोठारी, राकेश मित्तल, विकास मित्तल, दीपू पोखरियाल, प्रकाश टम्टा, अर्जुन अग्रवाल, विनय शर्मा, विजय लखेड़ा, संग्राम सिंह भंडारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, ममता देवरानी आदि मौजूद रहे। संचालन नगर महामंत्री पंकज भाटिया ने किया। भाजपा भाबर और कोटद्वार नगर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सीएए पर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को कानून की विस्तार से जानकारी दी गई। भाजपाइयों ने कहा कि कांग्रेस सहित समूचे विपक्ष के भ्रामक दुष्प्रचार और अफवाहों की वजह से अल्पसंख्यकों सहित आमजन में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर गलत फहमियां पैदा हुई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया गया।
सीएए को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी भाजपा